कानपुर 4 अक्टूबर 2025। पॉजिटिव इंडिया फाउंडेशन की ओर से आज उत्कर्ष अकादमी में कानपुर के नवाचारी पर्यटन के पाँच प्रस्तावों को मा० रमेश अवस्थी सांसद कानपुर को ज्ञापित किया गया एवं उक्त संदर्भ में पर्यटन के गोष्ठी का आयोजन किया गया। पॉजिटिव इंडिया फाउंडेशन की ओर से उक्त प्रस्ताव मुख्य न्यासी डॉ० प्रदीप दीक्षित ने ज्ञापित किए। प्रथम प्रस्ताव गंगा बैराज पर ‘गंगा सरोवर’ के निर्माण के लिए है। यह सरेकार गंगा नदी के दो चैनल्स से जोड़कर बनाया जाता है। गंगा प्रेमियों के लिए पर्यटन संबंधी सुविधाएं प्रदान करने वाला कानपुर का यह सरोवर आस्था एवं सुरक्षित जल क्रीड़ा का गंगा किनारे के पाँच राज्यों में एक अनूठा केन्द्र होगा।
द्वितीय प्रस्ताव कानपुर में कानफ्रेंस टूरिज्म विकसित करने के लिए है। कानफ्रेंस टूरिज्म का मॉडल दिल्ली के भारत मंडपम, यशोभूमि इंटरनेशनल सेंटर एवं वाराणसी के रुद्राक्ष सेंटर पर आधारित है। तृतीय प्रस्ताव कानपुर में ‘हैरिटेज वॉक (विरासती सैर)’ के आयोजन का है। इसे सिटी वॉक, स्ट्रीट वॉक के नाम से भी जाना जाता हैं। न्यूयार्क, दिल्ली, भोपाल, अहमदाबाद में इस प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं। कानपुर में भी इसकी पूर्ण क्षमता है।
चतुर्थ प्रस्ताव ‘कानपुर में विरासत उद्यान’ (हैरिटेज पार्क) के निर्माण से संबंधित है। उक्त पार्क में भीतरगाँव के गुप्तकालीन मंदिर, प्रयाग नारायण शिवाला मंदिर के गोपुरम के मॉडल, महर्षि वाल्मीकि, कविराज भूषण, संविधान सभा के कानपुर के 12 सदस्यों, गणेश शंकर विद्यार्थी जैसी राष्ट्रीय शखसियतों की मूर्तियाँ बनवाने एवं कानपुर की विरासत पर पूरे पार्क को विकसित करने का प्रस्ताव है। पाँचवां प्रस्ताव गंगा बैराज पर गंगा रिट्रीट विकसित करने का है। उक्त प्रकार की रिट्रीट्स का संचालन उड़ीसा के पाँच समुद्र तटों पर वर्तमान समय में किया जा रहा है।
माननीय रमेश अवस्थी ने अपने उद्बोधन में कहा कि उपरोक्त सभी नवाचारी प्रस्ताव संभवतः भारत में प्रथम बार किसी ने दिए हैं। विशेष रूप से गंगा सरोवर का प्रोजेक्ट निश्चित रूप से सुपरहिट होगा। अभी तक भारत मे ऐसा कोई भी प्रोजेक्ट नहीं है।
कानपुर के विरासत उद्यान के निर्माण के संबंध में उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम को जो कि थीम पार्क को डेवलप करने पर कार्य कर रही है निर्देशित करेंगे कि पॉजिटिव इंडिया फाउंडेशन के सदस्यों के साथ मिलकर इस प्रोजेक्ट को डेवलप करें। उन्होंने उत्कर्ष अकादमी के युवाओं निशुल्क संसद पर्यटन के लिए भी आमंत्रित किया।
पर्यटन संगोष्ठी में न्यासी डॉ० अलका दीक्षित, जिला पर्यटन विकास समिति के समन्वयक डॉ० सिधांशु राय, विजय नारायण तिवारी मुकुल, गाथा एप के सह संस्थापक अमित तिवारी, न्यासी नीरज शुक्ल ने अपने विचार रखे। संचालन न्यासी अंशुमान दीक्षित ने किया।