Friday, August 14, 2026

Tribute To Raghu Rai: प्रख्यात फोटो पत्रकार रघु राय को दी श्रद्धांजली

कानपुर। विश्वविख्यात फोटो पत्रकार एवं पद्मश्री सम्मानित रघु राय के निधन पर जनमानस फाउंडेशन द्वारा श्रद्धांजली संध्या
का आयोजन किया गया।

बीते 26 अप्रैल 2026 को 83 वर्ष की आयु में दिल्ली में हुए उनके निधन से भारतीय फोटो पत्रकारिता जगत में एक युग का अंत हो गया है। सभा में शहर के वरिष्ठ पत्रकारों, फोटोग्राफरों, कलाकारों एवं समाजसेवियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के रूप में प्रोफेसर बृजेश सिंह मौजूद रहे जिन्होंने कहा कि रघु राय ने जिस तरह भारत को अपने कैमरे में कैद किया है, वो सदियों में देखने को मिलता है| उनकी खींची फोटो श्रृंखला भारत का सच्चा जीवंत इतिहास है|

फाउंडेशन के निदेशक प्रखर श्रीवास्तव ने कहा “रघु राय की खासियत थी कि वो वाइड एंगल लेंस से सिर्फ व्यक्ति नहीं, उसके आसपास का पूरा माहौल, ‘क्षणों की समकालीनता’ कैद करते थे। उनका काम आधुनिक भारत का विजुअल रिकॉर्ड है।”

वरिष्ठ नेचर फोटोग्राफर अनिल सिंदूर ने कहा, “रघु राय सिर्फ फोटोग्राफर नहीं थे, वो भारत की आत्मा को कैमरे में कैद करने वाले दृष्टा थे। उन्होंने ‘वेलवेट हैंड और हॉक आई’ की परंपरा को जिया।”

भारतीय एयरफोर्स में सीनियर फोटोग्राफर रहे संतोष गुप्ता जी ने कहा कि 18 से अधिक पुस्तकें प्रकाशित करने वाले रघुराय को वर्ष 1971 में पद्मश्री, 1992 में अमेरिका में ‘फोटोग्राफर ऑफ द ईयर’, 2019 में ‘अकादमी दे बो-आर्ट्स फोटोग्राफी अवॉर्ड’ और 2017 में भारत सरकार का ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ मिला।

इमेजोग्राफी की सचिव खुशी गुप्ता ने कहा कि रघु राय का जन्म 18 दिसंबर 1942 को अविभाजित पंजाब के झंग में हुआ था। सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद 1960 में फोटोग्राफी शुरू की और 1966 में द स्टेटसमैन के चीफ फोटोग्राफर बने।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे फाउंडेशन के सदस्य क्रांति कुमार कटियार बताया कि फाउंडेशन ने निर्णय लिया है कि युवाओं को फोटो पत्रकारिता के प्रति प्रेरित करने के लिए “रघु राय स्मृति फोटोग्राफी कार्यशाला” का आयोजन कानपुर में किया जाएगा।

कार्यक्रम में रघु राय द्वारा खींची गई ऐतिहासिक तस्वीरों पर विस्तृत चर्चा हुई, सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में विशेष रुप से डॉ. सुमन बाला, रणजीत सिंह, शांति देवी, राजकिशोर कटियार मौजूद रहे|

Advertisement
Gold And Silver Updates
Rashifal
Market Live
Latest news
अन्य खबरे