Monday, June 8, 2026

CSJMU News | सीएसजेएमयू सैनिकों की शिक्षा को देगा नये आयाम

कानपुर, 14 मई। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में डी-कोड (D-CODE) और सिख लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंटल ट्रेनिंग सेंटर, फतेहगढ़, फर्रुखाबाद के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने भारतीय सेना के पराक्रम, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय और सेना के मध्य हुआ यह समझौता शिक्षा एवं राष्ट्रनिर्माण की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा।

उन्होंने कहा कि सैनिक देश की सुरक्षा में अपना सर्वोच्च योगदान देते हैं और ऐसे शैक्षिक सहयोग उनके व्यक्तित्व विकास एवं भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस मौके पर ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन ने डी-कोड की पहल की तारीफ करते हुए इसे अत्यंत सराहनीय कदम बताया। उन्होंने एमओयू के माध्यम से सैनिकों एवं जवानों को बेहतर शैक्षिक मंच उपलब्ध कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पाठ्यक्रमों के संचालन से देश के जवान अपनी सेवाओं के साथ-साथ व्यक्तिगत शिक्षा और बौद्धिक विकास पर भी ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।

उन्होंने इसे सैनिकों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास बताया। कार्यक्रम में प्रति कुलपति प्रोफेसर सुधीर कुमार अवस्थी ने कहा कि देश की रक्षा सुरक्षा करने वाली सेना के साथ एमओयू करके विश्वविद्यालय परिवार खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर सेना की जरूरतों के अनुसार पाठ्यक्रम विकसित करने, बनाने के लिए विश्वविद्यालय सदैव तत्पर रहेगा। इससे पहले डीकोड के निदेशक डॉ सरोज कुमार द्विवेदी ने डी-कोड के कार्यक्रमों और एमओयू के मुख्य बिंदुओं पर प्रकाश डाला। उन्होने डी-कोड के अब तक सफर की भी चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान डी-कोड द्वारा संचालित शैक्षिक गतिविधियों एवं अकादमिक अभियानों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसमें सैनिकों के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं शिक्षा के अवसरों की जानकारी दी गई। समारोह का सफल संचालन और धन्यवाद ज्ञापन डी-कोड के सह निदेशक डॉ विमल सिंह ने किया। कार्यक्रम में कमांडेंट, कर्नल गौरव बोस, डिप्टी कमांडेंट तथा अन्य सैन्य अधिकारी, डी-कोड की पूरी कोर टीम और विश्वविद्यालय के शिक्षक अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।

Advertisement
Gold And Silver Updates
Rashifal
Market Live
Latest news
अन्य खबरे