शहीद चंद्रशेखर आजाद एवं शहीद भगत सिंह के निकट सहयोगी एवं क्रांतिकारियों के सबसे प्रमुख दल हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन के संस्थापक सदस्य प्रसिद्ध क्रांतिकारी सुरेन्द्र पाण्डेय जी की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर अशोक नगर स्थित उनके निवास ‘शारदा सदन’ पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया जिसमें शहर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने क्रांतिकारी आंदोलन में उनके अतुलनीय योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
पौत्र सुधीन्द्र पाण्डेय ने बताया की विद्यार्थी जीवन से ही क्रांतिकारी विचारों से प्रभावित सुरेन्द्र पाण्डेय जी ने पंडित पृथीनाथ इंटर कॉलेज में अपने सहपाठियों बटुकेश्वर दत्त, अजय घोष और विजय कुमार सिन्हा के साथ मिलकर कानपुर जिमनास्टिक क्लब नाम की संस्था का गठन किया जिसके माध्यम से नवयुवकों को देशभक्ति की भावना का संदेश दिया गया। विनोद टंडन ने कहा प्रसिद्ध क्रांतिकारी सुरेश भट्टाचार्य के संपर्क में आकर सुरेन्द्र जी क्रांतिकारी आंदोलन में सक्रिय रूप से शामिल हो गए। इसके बाद डी•ए•वी• कॉलेज में शिक्षा के दौरान शिव वर्मा ,जयदेव कपूर ,महावीर सिंह, डॉ• गया प्रसाद कटियार, शालिग्राम शुक्ला आदि साथियों के साथ मिलकर क्रांतिकारी गतिविधियों को विस्तार दिया।
कौशल शर्मा ने इसी दौरान चंद्रशेखर आजाद की मार्गदर्शन में भगत सिंह, सुखदेव, सुरेन्द्र पाण्डेय,शिव वर्मा समेत 10 क्रांतिकारियों ने मिलकर 8-9 सितंबर 1928 को दिल्ली के फिरोज शाह कोटला मैदान में क्रांतिकारियों के सबसे प्रमुख दल हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन का पुनर्गठन किया हरि राम गुप्ता ने कहा सुरेन्द्र जी ने विभिन्न प्रदेशों में जाकर संगठन का विस्तार किया। लाहौर षड्यंत्र केस ,दिल्ली षड्यंत्र केस समेत कई अन्य मुकदमों में लगभग 14 वर्ष के लिए उन्हें लाहौर ,फतेहगढ़ ,कानपुर, देवली इत्यादि जेलों में कारावास का दंड भुगतना पड़ा।

क्रांति कटियार ने कहा क्रांतिकारी आंदोलन को गति देने के लिए सुरेन्द्र जी को रूस जाकर ट्रेनिंग लेने के लिए चंद्रशेखर आजाद द्वारा चुना गया परंतु आजाद जी के अकस्मात बलिदान के कारण यह योजना स्थगित करनी पड़ी। अरुण कुमार मिश्र ने कहा सुरेन्द्र पाण्डेय जी चंद्र शेखर आज़ाद के अंतिम समय में इलाहाबाद में उनके साथ एक ही कमरे में निवास करते थे और आजाद जी के सबसे विश्वासपात्र साथियों में थे।
डॉ. मनोज अवस्थी ने कहा कानपुर के प्रसिद्ध दाल मंडी एक्शन में भी वह चंद्रशेखर आजाद एवं शालिग्राम शुक्ला जैसे क्रांतिकारियों के साथ शामिल थे। अनिल सिन्दूर ने कहा क्रांतिकारी गतिविधियों के अतिरिक्त सुरेंद्र पांडे जी ने दैनिक प्रताप दैनिक विश्वा मित्र और टाइम्स आफ इंडिया जैसे अखबारों में पत्रकारिता भी की।
श्रद्धांजलि सभा में शहर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने क्रांतिकारी आंदोलन में उनके अतुलनीय योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए, वक्ताओं में प्रमुख रूप से प्रखर श्रीवास्तव, अंकित अवस्थी, देव कबीर, राज कुमार अग्निहोत्री, आंनद गौतम, श्री अरुण कुमार मिश्र, राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, सतेंद्र सिन्हा आदि लोग मौजूद रहे|




